बुराइयों को कभी जीवन में अपनाना नहीं चाहिए |
ये मीठा जहर होता है इसे खाना नहीं चाहिए |
बुरी संगत जहाँ देखो वहां जाने से शरमाओ,
कहीं सत्संग होता हो तो शरमाना नहीं चाहिए |
कोई कितना भी क्यों ना हो बड़े घर बार धन वाला,
जहाँ स्वागत नहीं होता वहां जाना नहीं चाहिए |
लगे पेड़ों पे फल ज्यों ही झुकें सब डालियाँ उनकी,
यहाँ ऐश्वर्य को पा कर इतराना नहीं चाहिए |
अगर कुछ दे नहीं सकते तो कह दो माफ़ कर बाबा ,
मगर दुत्कार कर याचक को लौटाना नहीं चाहिए |
निरादर से मिले दौलत ज़माने की तो मत छुना,
मिले जो प्रेम से तिल भी तो ठुकराना नहीं चाहिए |
पड़ा भट्टी में जब सोना ‘पथिक’ वह बन गया कुंदन ,
प्रभु जब कष्ट देता है तो घबराना नहीं चाहिए |
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें